27/04/2026
शराब के नशे में विवाद, युवक पर लाठी-डंडों व धारदार हथियार से हमला
सांडी चुंगी के पास हुई मारपीट में युवक गंभीर घायल, लखनऊ रेफर; पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
हरदोई।
शहर कोतवाली क्षेत्र के सांडी चुंगी के निकट शराब के नशे में हुए आपसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मामूली कहासुनी के बाद एक युवक पर लाठी-डंडों और धारदार हथियार से हमला कर दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सुरेश पुत्र मड़ई, रामप्रताप, हिन्दप्रताप और रामकिशोर के बीच शराब पीने के दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोप है कि रामप्रताप, हिन्दप्रताप तथा रामकिशोर ने मिलकर सुरेश पर लाठी-डंडों व धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस मारपीट में सुरेश को गंभीर चोटें आईं।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल उपचार के लिए जिला चिकित्सालय भेजा गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए लखनऊ रेफर कर दिया।
पुलिस ने वादी की तहरीर के आधार पर आरोपितों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया है। मामले में अन्य वैधानिक कार्रवाई जारी है।
इस संबंध में क्षेत्राधिकारी नगर श्री अंकित मिश्रा ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।