12/02/2019
माननीय प्रधानमंत्री
भारत सरकार।
विषय: आर्थिक रूप से पिछले सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों को उम्र सीमा में छूट देने के संबंध में।
महोदय,
सबसे पहले आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की सुधि लेकर, वोट की राजनीति को दरकिनार करते हुए, उनके लिए 10% आरक्षण प्रदान करने जैसा साहसिक निर्णय लेने के लिए आपको कोटिशः धन्यवाद! ऐसा निर्णय आप जैसे व्यक्तित्व से ही संभव था।
किंतु फिलहाल मैं और मेरे जैसे लाखों सामान्य वर्ग के युवा किंचित ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। क्योंकि आरक्षण की घोषणा के बाद हमें लगा था कि अन्य लागू आरक्षण के समान हमें भी आयु सीमा, न्यूनतम कट ऑफ अंक और जिन परीक्षाओं में सम्मिलित होने के अवसर निश्चित हैं, वहाँ अतिरिक्त अवसर भी मिलेंगे। लेकिन इसी बीच कर्मचारी चयन आयोग के माध्यम सहायक अभियंता के पदों पर नियुक्ति का विज्ञापन आया और इसने हमारे अरमानों पर पानी फेर दिया। क्योंकि इसमें आर्थिक रूप से कमजोर 10% का आरक्षण के अंतर्गत उम्र सीमा में कोई छूट नहीं दी गई।
महोदय, इस समय मैं और मेरे जैसे लाखों-करोड़ों सामान्य वर्ग के युवा ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। क्योंकि उम्र सीमा में छूट और अतिरिक्त अवसर यदि इस आरक्षण के अंतर्गत नहीं दिए जाएंगे तो फिर इस आरक्षण का कोई मतलब नहीं रह जाएगा।
महोदय, हम ग्रामीण पृष्ठभूमि के आर्थिक रूप से कमजोर सामान्य वर्ग के छात्रों-युवाओं की स्थिति अन्य पिछड़ा वर्ग से कहीं भी बेहतर नहीं है, फिर भी हमें इस सामाजिक न्याय से क्यों वंचित किया जा रहा है? संघ लोक सेवा आयोग के सिविल सेवा परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हम युवा सीसैट और मुख्य परीक्षा के पाठ्यक्रम में बदलाव जैसे बार-बार होने वाले परिवर्तनों से पहले से ही नुकसान की स्थिति में हैं। इसके लिए हम लोग लंबे समय से उम्र सीमा बढ़ाने और अतिरिक्त अवसर प्रदान करने की मांग भी कर रहे हैं, जिस पर अभी तक कोई सुनवाई नहीं हुई है। 10% आरक्षण के बाद हमें लगा था कि शायद इस आरक्षण के तहत हमें अवसर मिल जाएंगे, लेकिन कर्मचारी चयन आयोग की विज्ञप्ति देखकर हमारा भ्रम दूर हो गया है।
महोदय, हमारी परिस्थितियों पर विचार करते हुए कृपया हमें 10% आरक्षण के तहत उम्र सीमा में छूट और अतिरिक्त अवसर दिए जाने के भी प्रावधान करवाएँ तो हम सभी सामान्य वर्ग के युवा आपके सदैव आभारी रहेंगे। हमें उम्मीद है कि आप अपने व्यक्तित्व के अनुरूप इस सम्बंध में भी निर्णय अवश्य लेंगे।
आपका एक प्रशंसक:.....